चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से मिलने के लिए अब उनके दफ्तर के बाहर बैठकर इंतजार नहीं करना होगा। सीएचबी ने शुक्रवार से ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट सिस्टम शुरू कर दिया है। अब घर बैठे ही लोग अप्वाइंटमेंट ले सकेंगे और समय पर जाकर मिल सकेंगे।
कोरोना वारयस के चलते बोर्ड कार्यालय में अधिक भीड़ एकत्रित न हो, सोशल डिस्टेंस बनाए रखने के लिए सीएचबी नया सिस्टम शुरू किया है। बोर्ड ने इसके लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है। अप्वाइंटमेंट के लिए बेवसाइट पर अलग से एक कॉलम बना दिया है। इस संबंध में सीएचबी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यशपाल गर्ग ने बताया कि नए सिस्टम को शुरु कर दिया गया है, ताकि लोग अधिकारियों से मिलने के लिए आसानी से ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट ले सकें।
इस तरह ले सकेंगे मिलने का समय
सीएचबी ने अपनी बेवसाइट पर ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट के नाम से एक कॉलम दिया है। इसके लिए अपना नाम, मोबाइल और ईमेल आईडी देनी होगी। जिस अधिकारी से मिलना है, उसका डिपार्टमेंट व मिलने के कारण का चयन करना होगा। साथ ही दिन और समय का चयन करने के बाद ही अप्वाइंटमेंट रिक्वेस्ट भेजनी होगी, जिसके बाद ही अप्वाइंटमेंट बुक होने को लेकर विभाग की तरफ से जानकारी दे दी जाएगी। बोर्ड के अनुसार अधिकारियों से मिलने के लिए सुबह 11 से 12 बजे के बीच लोगों को अप्वाइंटमेंट दी जाएगी।