लुधियाना से लेकर मानसा तक हर जगह पुलिस की नाकाबंदी
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में हाई अलर्ट है। लुधियाना से मानसा तक हर जगह पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी है। पुलिस की टीमें शहर के प्रमुख चौकों और देहात इलाकों में भी नाकाबंदी कर रही हैं। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है। सीनियर पुलिस अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे हैं। हर जिले के एंट्री पाइंट पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
संदिग्ध लोगों को पूछताछ के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद देश-विदेश में उनके प्रशंसकों में काफी रोष है। लोगों और राजनीतिक दलों में पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का कहना है कि पंजाब सरकार से कानून-व्यवस्था संभल नहीं रही। कहीं गोलियां चल रही हैं तो कहीं लूटपाट हो रही है।
लोगों का कहना है कि सरकार को वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस लेने की जरूरत नहीं थी। ऐसा कर सरकार ने बड़ी चूक की है। मूसेवाला को कई बार धमकी मिलने के बाद भी सरकार ने सुरक्षा वापस ले ली। सरकार ने इसमें कोई भी सतर्कता नहीं दिखाई। इसका खामियाजा लोगों के दिलों की धड़कन पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को गवाकर चुकाना पड़ा।
पुलिस ने सड़कों पर अब सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए हैं। हर शहर और गांव के एंट्री प्वाइंटों को सील कर दिया गया है। फिरोजपुर रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वहीं मुल्लांपुर, सुधार, रायकोट में पुलिस ने हाई अलर्ट के तहत नाकाबंदी की है।