मोहाली। पांच दिन से लापता सेक्टर-71 निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति का शव पटियाला जिले में भादसो रोड के पास नहर से बरामद हुआ है। शव ज्यादा दिनों तक पानी में रहने के चलते गल चुका था। मृतक की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमनदीप सिंह की मोहाली नंबर की ब्रेजा कार रोपड़ नहर के पास लावारिस हालत में बरामद हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अमनदीप ने खुदकुशी की है या उसके साथ कोई वारदात हुई है। मामले की जांच कर रहे एएसआई पटियाला संजय कुमार शव अपने कब्जे में लेने गए हैं। शव को मोहाली सिविल अस्पताल लाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता लग पाएगा।
रजिंदर सिंह निवासी सेक्टर-71 ने 4 नवंबर को मटौर थाने में शिकायत दी थी कि उनका बेटा अमनदीप 31 अक्तूबर की शाम अपनी ब्रेजा कार में काम के लिए गया था। रात 9.20 बजे के बाद उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर अमनदीप की तलाश शुरू की थी। 5 नवंबर को सब इंस्पेक्टर राजवीर सिंह के मोबाइल पर थाना सदर रोपड़ से सूचना मिली कि एक लावारिस ब्रेजा कार रोपड़ नहर के पुल के नीचे खड़ी मिली है। जांच अधिकारी संजय कुमार रोपड़ पहुंचे और कार अपने कब्जे में ली।
वहां पता चला कि कार मालिक अमनदीप सिंह का शव पटियाला जिले में भादसो रोड के पास नहर से बरामद हुआ है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अमनदीप प्राइवेट नौकरी करता था। वह पहले विदेश में भी रहकर आया है। वह शादीशुदा है।