चंडीगढ़। पीसीए स्टेडियम मोहाली में चल रहे शेर-ए-पंजाब टी-20 टूर्नामेंट में एग्री किंग्स नाइट्स के कप्तान अभिषेक शर्मा को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। वे जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच टी-20 मैच की सीरीज का हिस्सा होंगे। टीम इंडिया में मौका मिलने से अभिषेक काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘आखिरकार मेरी मेहनत रंग लाई है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा और भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करूंगा।’ अभिषेक ने हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के सेक्रेटरी दिलशेर खन्ना ने उन्हें इस शानदार कामयाबी के लिए बधाई दी। अमृतसर के रहने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर ने कहा, ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 कप के मैच के दौरान अपना नाम बड़ी स्क्रीन पर देखा तो बेहद खुशी हुई। मेरे लिए असीम खुशी का पल है। सपने को साकार करने के लिए क्रिकेट खेल रहा हूं।’ सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ओपनिंग करने वाले अभिषेक शर्मा ने आईपीएल- 2024 में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सभी को दीवाना बनाया था। अभिषेक शर्मा ने आईपीएल के 16 मैचों में 32.27 की औसत और 204.22 के बेहद ही शानदार स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए थे।
शुभमन गिल करेंगे कप्तानी
भारतीय टीम के वनडे व टी-20 के सलामी बल्लेबाज व मोहाली के रहने वाले शुभमन गिल का चयन जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले पांच मैचों के टी-20 सीरीज के लिए इंडिया टीम का कप्तान बनाया गया है। आईपीएल 2024 में शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस की कमान संभाली थी। हालांकि बतौर कप्तान शुभमन गिल विरोधियों पर हावी नहीं हो सके, लेकिन बल्ले से उन्होंने 12 मैचों में 38.72 के औसत और 147.40 के स्ट्राइक रेट से 426 रन बनाए। उन्होंने सीएसके के खिलाफ 104 का सर्वोच्च स्कोर बनाया था।