बीएमडब्ल्रूू अधिकारियों के साथ सीएम मान ने की बैठक।
- फोटो : X @BhagwantMann
पंजाब में उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को मॉर्डन ऑटोमोटिव्स लिमिटेड और बीएमडब्ल्यू कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सीएम मान ने बीएमडब्ल्यू कंपनी की लग्जरी गाड़ियों के पुर्जे बनाने के लिए प्रदेश में प्लांट लगाए जाने को मंजूरी दी है। मंडी गोबिंदगढ़ में बीएमडब्ल्यू कंपनी के पुर्जे बनाने के लिए प्लांट लगाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार इस प्लांट को लगाने में करीब 800 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, इसके शुरू हो जाने के बाद 800 युवाओं को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा, जबकि हजारों को अप्रत्यक्ष रूप से काम मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने चीफ सेक्रेटरी अनुराग वर्मा से कंपनी के डिटेल प्लान पर बात की और कंपनी के प्रतिनिधियों से जानने की कोशिश की, यह प्लांट कितने समय में तैयार हो जाएगा, जिससे प्रदेश के ऑटोमोबाइल सेक्टर को बूस्ट मिलेगा। सीएम मान ने मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड को प्रदेश में अपने प्रोजेक्ट का विस्तार करने और लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू के अहम पार्ट्स बनाने में पूर्ण सहयोग और मदद का भरोसा दिया। मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड के प्रतिनिधि आदित्य गोयल, सुहेल गोयल और मनीष बग्गा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
25 लाख यूनिट्स का मिला ऑर्डर
मॉडर्न ऑटोमोटिव्स देश की पहली कंपनी है जिसे जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू एजी म्यूनिख की ओर से पिनियन शाफ्ट की डिलीवरी के लिए मंजूरी प्राप्त हुई है। कंपनी के प्रतिनिधि आदित्य गोयल ने बताया कि बीएमडब्ल्यू से उन्हें 150 करोड़ रुपये की लागत के 25 लाख यूनिट्स का ऑर्डर मिल चुका है, जोकि कंपनी के सेटअप से पहले पंजाब सरकार के समक्ष भी पेश किया गया।
अगले महीन सीएम खुद रखेंगे नींव पत्थर
कंपनी को भविष्य की योजनाओं के लिए पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन देते हुए मुख्यमंत्री ने अगले महीने प्लांट की नींव रखने के लिए प्रतिनिधिमंडल से मिले निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि प्रमुख ऑटोमोटिव दिग्गज बीएमडब्ल्यू के पार्ट्स अब प्रदेश में तैयार होंगे। भगवंत मान ने कहा कि यह कदम पंजाब को अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर उजागर करने के साथ-साथ राज्य के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगा।