चंडीगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत निर्वाचन विभाग ने बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू किया है। यह प्रशिक्षण 6 से 9 जून तक सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज में आयोजित हो रहा है। इसका उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है।
प्रशिक्षण में बीएलओ को पुनरीक्षण से संबंधित सभी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। इसमें गणना प्रपत्र के वितरण, भरवाने, सत्यापन और अंकीकरण पर जोर है। दावा एवं आपत्ति अवधि के लिए प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को नोटिस चरण, सुनवाई प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन नियम बताए गए। विभाग ने अनुपस्थित बीएलओ के लिए आरक्षित सत्र भी रखे हैं। पुनरीक्षण के गणना चरण में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराकर भरने में सहायता करेंगे।
नागरिकों के लिए निर्देश
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से बीएलओ के साथ सहयोग करने की अपील की है। उन्हें समय पर भरे हुए प्रपत्र जमा करने चाहिए ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित बने। मतदाता गणना प्रपत्र की दो प्रतियों में से एक भरकर बीएलओ को देंगे, दूसरी अपने पास रखेंगे। गणना प्रपत्र ऑनलाइन भी भरा जा सकता है, जिसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं। नागरिक सहायता नंबर 1950 पर या ईसीआईनेट मोबाइल ऐप से बीएलओ के साथ कॉल अनुरोध की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।