पीजीआई की न्यू ओपीडी में होने वाली टेस्ट रिपोर्ट की जानकारी अब मरीजों को एसएमएस के माध्यम से मोबाइल पर मिलना शुरू हो गई है। इससे मरीजों की बहुत बड़ी समस्या खत्म होने के आसार बढ़ गए हैं।
अब मरीजों को रोज आकर पीजीआई में अपनी रिपोर्ट के बारे में पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे उनका समय तो बचेगा साथ ही वे ओपीडी की भीड़ से भी बच पाएंगे।
हालांकि अभी यह शुरुआती दौर में है। कुछ दिक्कतें भी आ रही हैं, लेकिन जल्द ही यह रुटीन प्रक्रिया में शामिल हो जाएगा। पंजाब व चंडीगढ़ के कई मरीजों को पीजीआई की तरफ से मैसेज भेजे गए। मैसेज में बताया गया कि उनकी सैंपल रिपोर्ट आ गई है।
वे काउंटर से कलेक्ट कर लें। पीजीआई के अधिकारियों ने बताया कि वे फिलहाल इस पर कोई कमेंट नहीं करना चाहते। मरीजों को मैसेज भेजे जा रहे हैं।
साल की शुरुआत में ही पीजीआई ने एलान किया था कि वह अपने मरीजों को सैंपल की रिपोर्ट मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से देगा। पीजीआई की सोच है कि वह अपनी मरीजों को परेशान किए सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। इसी के तहत यह सुविधा शुरू की गई थी।
वेबसाइट पर भी लोड की जाएगी
संस्थान की ओर से जल्द ही सैंपल रिपोर्ट संस्थान की वेबसाइट पर भी लोड की जाएगी। यदि किसी मरीज को अपनी टेस्ट रिपोर्ट देखनी है तो वह वेबसाइट पर जाकर देख सकेगा। साथ ही उसे अपलोड करने की भी सुविधा भी होगी।
इससे मरीजों की कई दिक्कतों का समाधान हो जाएगा। एक तो उन्हें तैयार टेस्ट रिपोर्ट की सही जानकारी मिलेगी, ताकि वे पीजीआई उसी दिन पहुंचेंगे, जिस दिन का मैसेज आया होगा। दूसरा लैब में होने वाली भीड़ भी कम हो जाएगी।
पहले ऑनलाइन शुरू की गई थी जांच रिपोर्ट
पीजीआई की न्यू ओपीडी स्थित बायोकेमेस्ट्री लैब में दिसंबर के आखिरी में जांच रिपोर्ट आनलाइन कर दी गई थी। इस व्यवस्था से मरीजों की रिपोर्ट सीधे डाक्टर के पास पहुंचेगी।
डाक्टर अपने कंप्यूटर से सीधे मरीज की रिपोर्ट देख सकेंगे। इसके लिए संस्थान की ओर से लैब इन्वेस्टीगेशन मॉड्यूल साफ्टवेयर तैयार किया गया था।
इस साफ्टवेयर को सी-डेक कंपनी ने विकसित किया है। पीजीआई के मुताबिक कई बार मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट खो जाती थी, तो वक्त काफी दिक्कत आती थी। ऐसे में अब मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट का डाटा बैंक भी तैयार रहेगा।