लोगों को अब अपनों की जान बचाने के लिए ब्लड की जरूरत पड़ने पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे, क्योंकि एक नई व्यवस्था शुरू की गई है। मोहाली में अब मोबाइल या कंप्यूटर पर एक क्लिक से उन्हें पता चला पाएगा कि उन्हें खून कहा से मिल पाएगा। इसके लिए सेहत विभाग ने ई-रक्त कोष पोर्टल शुरू किया है।
सेहत मंत्री ब्रह्म महिंद्रा ने पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल लोगों के लिए वरदान सिद्ध होगा। वहीं, उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसमें सुधार भी किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, सभी सरकारी ब्लड बैंकों को जोड़ने के लिए सेंट्रलाइज्ड ब्लड बैंक मैनेजमेंट के लिए ई-रक्त कोष पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल के द्वारा खून की उपलब्धता, नजदीकी खूनदान कैंप की जानकारी, स्व इच्छुक खूनदानियों की आनलाइन रजिस्ट्रेशन की जानकारी मिलेगी।
इसका उद्देश्य पेशेवर खूनदानियों पर नकेल कसना है और दान किए गए खून को प्रयोग में लाना है। यह अपनी तरह का पहला प्रयोग है। इससे पहले डेंगू संबंधी लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की तरफ से एक एप बनाई गई थी। जिसमें डेंगू से बचने संबंधी जानकारी दी गई थी।
इस मौके पर एमडी-एनएचएम-कम-एमडी -पीएचएससी वरुण रूजम, पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर बी. श्रीनिवासन, डायरेक्टर स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. राजीव भल्ला, डायरेक्टर परिवार कल्याण डॉ. जय सिंह, डायरेक्टर ईएसआई डॉ. जसपाल कौर, डायरेक्टर पीएचएससी डॉ. मीना हरदीप, डायरेक्टर एनएचएम डॉ. अवनीत कौर, कायाकल्प नोडल अफसर डॉ. परविंदरपाल कौर, पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के एपीडी डॉ. मनप्रीत छतवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।