फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amritsar Blast: श्री हरमंदिर साहिब के पास 30 घंटे बाद दूसरा धमाका, जांच करने पहुंची NIA की टीम

Mon, 08 May 2023 12:43 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)

सार

Amritsar Harmandir Sahib News : शनिवार देर रात श्री हरमंदिर साहिब के पास सारागढ़ी पार्किंग के निकट अचानक धमाका हो गया था। इस धमाके से सारागढ़ी पार्किंग के शीशे टूट गए थे और वहां बेंच पर सो रहे एक युवक समेत तीन लोग मामूली जख्मी हो गए थे। इस मामले की जांच चल ही रही थी कि सोमवार को फिर वहीं ब्लास्ट हो गया।
विज्ञापन
मौके पर जांच करते पुलिसकर्मी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

श्री हरमंदिर साहिब के पास हेरिटेज स्ट्रीट में 30 घंटे के भीतर सोमवार सुबह करीब छह बजे एक और धमाका हुआ। इसमें एक व्यक्ति जख्मी हो गया। कड़ी सुरक्षा वाले क्षेत्र में दो दिनों में यह दूसरा कम तीव्रता वाला विस्फोट था। इसकी वजह से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य और सैंपल जुटा लिए हैं। शनिवार की रात करीब 11:30 बजे हेरिटेज स्ट्रीट की पार्किंग पर इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए थे। 

विज्ञापन


मौके पर पहुंचे पंजाब के डीजीपी ने कहा कि धमाका देसी बम की वजह से हुआ है। आतंकी घटना या साजिश कहना अभी जल्दबाजी होगी। दोनों घटनाओं की हर एंगल से जांच की जा रही है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि दोनों धमाके में किसी छर्रे का इस्तेमाल नहीं किया गया। ट्रिगरिंग मैकेनिज्म और कोई डेटोनेटर नहीं मिला है। विस्फोटक पदार्थ पार्किंग के पास कंटेनर में रखा था। उसमें एक धागा लटका था। वहां से निकलने वाले किसी व्यक्ति ने अनजाने में यह धागा खींच दिया और विस्फोट हो गया। 

डेटोनेटर नहीं मिलने का मतलब है कि इन धमाकों में क्रूड डिवाइस यानी देसी बम का इस्तेमाल किया गया। इसकी वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इसमें इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का प्रयोग किए जाने की संभावना पर डीजीपी ने कहा कि किसी भी क्रूड डिवाइस के विस्फोट को आईईडी कह सकते हैं। यह किसी की शरारत है या किसी संगठित तरीके से धमाका किया गया है या कोई अन्य मॉड्यूल है, इसकी जांच जारी है। 
विज्ञापन




घटनास्थल से पोटेशियम क्लोराइड और सल्फर मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह के पदार्थ आसानी से बाजार में उपलब्ध होते हैं। राज्य का माहौल खराब करने के लिए यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है। 

जांच करने पहुंची एनआईए की टीम
धमाकों की जांच करने सोमवार की रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम अमृतसर पहुंची। टीम के सदस्यों ने जांच में शामिल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही एनआईए के अधिकारियों ने फॉरेंसिक विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर घटनास्थल से इकट्ठे किए गए साक्ष्यों के बारे में जानकारी हासिल की।

पुलिस को शनिवार को धमाके में घायल दो युवकों की तलाश
उधर पुलिस को शनिवार धमाके में घायल दो युवकों की तलाश है। घटना के बाद लोगों ने दोनों युवकों को अस्पताल जाने की सलाह दी थी लेकिन वे भाग गए थे। पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है। धमाके में जख्मी हुआ एक युवक सोनू राजपूत तो सामने आ गया था। उसने मीडिया को धमाके की जानकारी दी थी। दो अन्य युवक भी जख्मी थे। संदेह जताया जा रहा है कि धमाका उस समय हुआ, जब एक युवक के हाथों से बैग नीचे गिरा। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज की मदद से उनकी जानकारी जुटाने में लगी है।

सीसीटीवी की फुटेज की कर रहे जांच
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि सीसीटीवी की फुटेज लेकर तकनीकी तौर पर उसकी जांच की जा रही है। मौके पर लोगों की पहचान कर उनके बयान लिए जाएंगे। पंजाब पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। लोगों को गलत सूचनाओं पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने अपील की है कि वे सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास न करें। पुलिस अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सही जानकारी डालेगी।

जांच पूरी होने तक आतंकी कनेक्शन नहीं कह सकते: पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। जब तक कोई स्पष्ट नतीजा सामने नहीं आता, तब तक इसे आतंकी एंगल नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है।
 

क्या है क्रूड बम
क्रूड बम या देसी बम को बारूद या केमिकल विस्फोट के साथ कांच के टुकड़े भरकर बनाया जाता है। इसमें गन पाउडर या काला पाउडर मुख्य घटक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसमें विस्फोट के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी जैसे दबाव या लेजर जैसी किसी उतेजना की आवश्यकता नहीं होती।

हेरिटेज स्ट्रीट पर सुरक्षा बढ़ाई
इस घटना के बाद हेरिटेज स्ट्रीट समेत पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। जिस स्थान पर धमाका हुआ है, उसकी घेराबंदी कर दी गई है। हेरिटेज स्ट्रीट पर हर दिन भारी भीड़ रहती है। श्री हरमंदिर साहिब तक पहुंचने के लिए हजारों लोग यहीं से होकर जाते हैं। यहां खाने-पीने व अन्य सामान की कई दुकानें हैं। यहां 20 साल से रोज आने वाले जसबीर सिंह पट्टी ने कहा कि विस्फोटों ने श्रद्धालुओं में दहशत पैदा कर दी है। इन घटनाओं की गहन जांच होनी चाहिए।

गहन जांच कर सच सामने लाए पुलिस: धामी
अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पंजाब पुलिस से मांग की है कि श्री हरमंदिर साहिब की ओर जाने वाली हेरिटेज रोड पर हुए दो धमाकों की गहन जांच कर पुलिस सच सामने लाए। धामी ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब सिखों का केंद्रीय तीर्थ स्थल है। दो दिन के भीतर हुई विस्फोट की घटनाओं से देशभर से अमृतसर पहुंचे लोगों और संगत के मन में कई तरह की आशंकाएं और सवाल पैदा हो गए हैं। पंजाब सरकार को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। एसजीपीसी जरूरत पड़ने पर सरकार और पुलिस प्रशासन को हर तरह का सहयोग देने को तैयार है।
विज्ञापन

लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
पठानकोट पुलिस ने सोमवार को फ्लैग मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह खख ने किया। एसएसपी ने कहा कि फ्लैग मार्च नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीकात्मक संकेत है। इस दौरान लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मार्च को लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। लोगों से कहा कि वे सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या 181 पर कॉल करें।

मोगा पुलिस अलर्ट, निकाला फ्लैग मार्च
अमृतसर में धमाकों के बाद मोगा पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। मोगा के एसएसपी इलेनचेलियन की अगुवाई में मोगा के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। वहीं मोगा जिला के अलग-अलग हलकों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मौके पर मोगा के एसएसपी ने कहा कि जनता की सुरक्षा में पुलिस हर पल मौजूद है और गलत लोगों की गलत हरकत को पुलिस किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें