अमृतसर बाईपास के निकट इलाके बाबा मोहन दास नगर में एक प्लाट में पड़ी चाईनीज पटाखों की बोरी में चिंगारी से आग लग गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज एक किलोमीटर तक सुनी गई। वहीं आसपास की कोठियों के शीशे व दरवाजे भी टूट गए। किसी आतंकी घटना की आशंका को देखकर कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा, डीसीपी गुरमीत सिंह व डीसीपी बलकार सिंह मौके पर पहुंचे। मौके पर फारेंसिक टीमों को बुलाया गया।
बाद में साफ हुआ कि भारत सरकार की ओर से प्रतिबंधित चाईनीज पटाखों की 10 बोरियों को खाली प्लाट में छिपाकर रखा गया था, जहां पर दिवाली के दिन आग लग गई। बाबा मोहन दास नगर के रहने वाले अमृतपाल मैनन ने बताया कि उनके निवास के निकट ही खाली प्लाट है, जो किसी बस्तियान इलाके के व्यक्ति का है। रात को जब लोग दीपमाला कर पटाखे चला रहे थे तो एक जोरदार धमका हुआ, जिससे उनके घर की खिड़कियां व दरवाजे टूट गए। उनहोंने परिवार के तमाम सदस्यों को घर से नहीं निकलने दिया, क्योंकि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि आतंकी हमला हो गया है।
कुछ समय बाद बाहर निकले तो देखा कि आस पड़ोस के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। कई दुकानों के शटर भी उखड़ गए। मकसूदां इलाके की रहने वाली रमनप्रीत कौर ने बताया कि धमाके की आवाज उनके निवास तक आई, ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बम विस्फोट हुआ हो। कमिश्नर भुल्लर का कहना कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चाईनीज बोरियों में प्रतिबंधित पटाखे रखे थे। चाईनीज पिस्तौल की गोलियों में उक्त बारूद भरा जाता था। पुलिस की सख्ती के कारण उक्त प्रतिबंधित पटाखे एक खाली प्लाट में रख दिए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।