चंडीगढ़। आगामी बिहार चुनाव को देखते हुए चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं ने एक वर्चुअल बैठक की। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहारी समुदाय के लोगों को संबोधित भी किया और उनके योगदानों की चर्चा की।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में बिहार के काफी लोग रहते हैं। स्थानीय नेता इनसे संपर्क करके भाजपा गठबंधन को वोट देने के लिए प्रेरित करें। भाजपा बिहार के वरिष्ठ नेता राजेंद्र गुप्ता ने चंडीगढ़ से जुड़े प्रवासी नेताओं से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति 100 प्रवासी लोगों की सूची बनाकर संगठन द्वारा मनोनीत चुनावी संयोजक गणेश झा को जल्द सौंपे, ताकि उनसे संपर्क किया जा सके। बैठक के दौरान निर्णय किया कि चंडीगढ़ में बिहार की जिस विधानसभा के लोग रहते हैं, उसके अनुसार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में बिहार के लोगों की संख्या काफी है, इनमें से कुछ तो मतदान दिवस के आस-पास अपने घरों को जाते हैं और कुछ के घरवाले बिहार में ही रहते हैं। वहीं गणेश झा ने कहा कि वह चंडीगढ़ में रह रहे बिहार के लोगों के साथ मिलकर बिहार में एनडीए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य के बारे में उन्हें बताएंगे। कार्यक्रम में राजकिशोर, सुभाष मौर्य, अरविंद सिंह, बंटी सिंह, मोहन, अशोक शाह, बृजेश झा, लाल झा, अजय झा, संतोष सिंह, मीरा पासवान और बिहार के अन्य लोग उपस्थित रहे।