हरियाणा में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से चुनावी मैदान में आ गई है। विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने सत्तर प्लस का फार्मूला देते हुए कमर कस ली है। एक बार फिर से पन्ना प्रमुख सक्रिय हो गए हैं। इस बार शहरी इलाकों के साथ ग्रामीण इलाकों पर भी पार्टी का पूरा फोकस है। मुख्यमंत्री मनेाहर लाल कार्यकर्ता सम्मेलनों को आधार बनाते हुए फील्ड में उतर चुके हैं। इसी बीच छह जुलाई को पार्टी सदस्यता अभियान को एक पर्व के तौर पर मनाने जा रही है।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस पर 6 जुलाई से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान में पिछली बार की अपेक्षा 20 प्रतिशत अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी का यह अभियान सर्वव्यापी -सर्व स्पर्शी होगा। पूरे देश में भाजपा के 11 करोड़ सदस्य हैं अब 20 प्रतिशत नए सदस्यों को भाजपा से जोड़ा जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने बताया कि हरियाणा की बात की जाए तो 33 लाख लोगो को भाजपा ने अपने साथ जोड़ा था इसमे भी 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होकर यह संख्या 40 लाख के पार हो जाएगी।
17 जून को प्रदेश के सदस्यता प्रमुख और सहप्रमुखों की एक बैठक राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में दिल्ली में हो चुकी है। हरियाणा में प्रत्येक बूथ पर सदस्य बनाने की रणनीति बनाई गई है। इसके लिए शीघ्र ही जिला स्तर पर सदस्यता अभियान के संयोजक और सह संयोजक बनाकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला स्तर के बाद मंडल स्तर पर भी इसी तरह जिम्मेदारी लगाकर सदस्यता अभियान को पूरा किया जाएगा।