अस्पताल से छुट्टी होने पर अरुण सूद को बधाई देते प्रो. जगतराम।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। भाजपा के प्रदेश (चंडीगढ़ ) अध्यक्ष अरुण सूद मंगलवार को कोरोना पर जीत दर्ज कर पीजीआई से घर लौट आए हैं। उन्हें 9 दिसंबर को पॉजिटिव होने पर पीजीआई में भर्ती कराया गया था। 14 दिसंबर को की गई कोरोना की जांच निगेटिव आने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। अस्पताल से जाते वक्त उन्होंने पीजीआई के निदेशक प्रोफ़ेसर जगतराम और उनकी टीम को धन्यवाद दिया। कहा कि जिस तरह से स्वास्थ्य कर्मियों ने उनकी देखभाल की है उसके लिए वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे। उनकी देखभाल और मेहनत की बदौलत ही उन्होंने कोरोना पर इतनी जल्दी जीत हासिल की है । उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के निर्देशों का पालन करके ही इस महामारी से खुद को बचाया जा सकता है। प्रोफेसर जगतराम ने अरुण सूद की सफल रिकवरी पर उन्हें बधाई दी। उनका कहना था कि जब तक कोरोना से बचाव के लिए टीका नहीं आ जाता तब तक मास्क पहनने, हाथ धोने और सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन करके ही खुद को संक्रमण से बचाया जा सकता है।