कांग्रेस उम्मीदवार कैप्टन अमरिंदर सिंह को शोर मचाने की पुरानी आदत है। पंजाब के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने केवल शोर ही मचाया और प्रदेश को संवार नहीं पाए।
यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने बुधवार को यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कही। शर्मा ने बताया कि अमृतसर निवासियों को ऐसे सशक्त नेता की आवश्यकता है, जो केंद्र में उनकी आवाज बन सके।
यह काम केवल और केवल अकाली-भाजपा उम्मीदवार अरुण जेटली ही कर सकते हैं। कैप्टन पर हमला बोलते हुए शर्मा ने कहा कि राज-घराने से संबंधित होने के कारण कैप्टन आम जनता में जाने से गुरेज करते हैं।
प्रचार और सुर्खियां बटोरने के लिए बे-सिर पैर की बातें करते हैं। कैप्टन न तो मुख्यमंत्री रहते हुए जनता के बीच गए, न ही प्रदेश का कुछ संवारा और न ही कांग्रेस प्रधान रहते हुए कार्यकर्ताओं से मिले।
वह केवल एसी कमरों में बैठकर ही ऐसे बयान जारी करते हैं, ताकि चर्चा में बने रहें। शर्मा ने दावा किया कि अमृतसर की जनता उनके असली चरित्र को पहचानती है और अकाली-भाजपा के प्रत्याशी अरुण जेटली को जिताने का मन बना चुकी है। जिस तरह पंजाब की जनता ने कैप्टन के नेतृत्व को 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में नकारा, उसी तरह अमृतसर की जनता लोकसभा में उन्हें नकारने जा रही है।