आदमपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। सूची में 35 नेताओं को जगह दी गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़, प्रदेश प्रभारी बिप्लव देब, राव इंद्रजीत, अनिल विज, बनवारी लाल और कमल गुप्ता का नाम स्टार प्रचारकों में शामिल है।
उधर, कांग्रेस ने आदमपुर से पूर्व मंत्री जय प्रकाश को प्रत्याशी बनाया है। साथ ही जयप्रकाश को कांग्रेस उम्मीदवार बनते ही आदमपुर में भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र का विरोध भी सामने आया है। लोगों ने पोस्टर भी फाड़े हैं। वहीं कुरडा राम नंबरदार ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची।
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जयप्रकाश को बनाया प्रत्याशी।
आप को झटका, रामप्रसाद गढ़वाल ने छोड़ी पार्टी
आम आदमी पार्टी को आदमपुर में एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के सबसे मजबूत नेता रामप्रसाद गढ़वाल ने दर्जनों नेताओं और सैंकड़ों कार्यकर्ताओं समेत पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी ने पैसे लेकर टिकट बेची है। सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा को मात देने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में भाजपा को हराने का काम करेंगे। वह जल्द ही दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आदमपुर में आप का कोई भी वजूद नहीं है। जमीन पर काम करने वाले सभी नेता व कार्यकर्ता पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। सिर्फ भाजपा की मदद करने के लिए आप चुनाव लड़ रही है।