Abhay Chautala, CM Manohar lal & Ashok Tanwar
- फोटो : File Photo
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का कहना है कि किसी राजनीतिक दल की रैली में बाधा पहुंचाना न केवल ओछी हरकत है, बल्कि लोकतंत्र की मर्यादा का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि किसी अन्य राजनीतिक दल की रैली को सहन नहीं कर पाने वाले ही बाधा पहुंचाने जैसी हरकत कर सकते हैं।
बता दें कि जींद में 15 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली होने वाली है। इनेलो और कांग्रेस के नेताओं ने रैली में शामिल होने आ रहे अमित शाह को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी है। सीएम इसी पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
उधर, सीएम मनोहर लाल के ओछी हरकत वाले बयान पर नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दोनों नेताओं का कहना है कि सीएम को सोचना चाहिए कि ऐसी नौबत आई ही क्यों?
इनेलो नेता अभय चौटाला का कहना है कि सीएम को अभी तो काले झंडे दिखाना ओछी हरकत लग रही है, सात मार्च के बाद सड़कों पर निकला मुश्किल कर देंगे। इनेलो कोई ओछी हरकत नहीं कर रहा है। भाजपा ने एसवाईएल मु्द्दे, बलात्कार के मामले में अपनी जिम्मेदारी पुरानी सरकार पर मढ़ने की ओछी हरकत की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा ओछी हरकत करता है। जनता से माफी मांगने के बजाय मुख्यमंत्री दूसरों पर ओछी हरकत का आरोप लगा रहे हैं।