हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने आज कहा कि तीन तलाक को अवैध घोषित करना चाहिए जैसा कि अधिकांश मुस्लिम बहुल देशों ने किया है। देश में अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाएं इसके खिलाफ अपनी आवाज उठा रही हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करती हैं।
विज ने कहा, ‘‘ निजी तौर पर, मेरा विचार है कि तीन को अवैध घोषित करना चाहिए।’’ उन्होंने अंबाला में एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अधिकांश मुस्लिम देशों ने इसे अवैध घोषित किया है और भारत में भी मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक के खिलाफ अपनी आवाज उठा रही हैं।’’
आम आदमी पार्टी पर सवाल के जवाब में विज ने आरोप लगाया, ‘‘ वे भ्रष्टाचार और घोटालों में शामिल हैं और पार्टी लोगों के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।’’ उन्होंने कहा कि अपने खुद के बख्रास्त मंत्री कपिल मिश्रा के गंभीर आरोपों के बाद अरविंद केजरीवाल का बुरी तरह से पर्दाफाश हो गया है।