नवजोत सिद्धू पर अनिल विज का विवादित बयान
अभी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर दिए बयान को लेकर हुआ हल्ला थमा नहीं था कि भाजपाई मंत्री अब नवजोत सिद्ध के खिलाफ विवादित बात कह रहे हैं। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन करने वाले पूर्व क्रिकेटर एवं भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू पर ट्वीट किया है।
मंत्री विज ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ‘नवजोत सिद्धू कहा करते थे भाजपा भारत को सोने की तथा कांग्रेस सोनिया की चिड़िया बनाना चाहती है, पंरतु आज सिद्धू खुद सोनिया के घोंसले में चले गए हैं।’
उल्लेखनीय है कि भाजपा के सीनियर लीडर नवजोत सिंह सिद्धू तभी से भाजपा से दूरियां बनाए हुए थे, जब पिछले लोकसभा चुनाव में उनका अमृतसर से टिकट काटकर भाजपा ने अरूण जेतली को दिया था, लेकिन जेतली हार गए थे।
लेकिन अब पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिद्धू ने राहुल गांधी से मिलने के बाद कांग्रेस में अपनी आस्था जता दी है। जिस पर हरियाणा के खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
नवजोत सिद्धू कहा करते थे भाजपा भारत को सोने की तथा कांग्रेस सोनिया की चिड़िया बनाना चाहती है परंतु आज खुद वह सोनिया के घोंसले में चले गए ।
— ANIL VIJ Minister (@anilvijminister) January 15, 2017
अनिल विज ने गांधी के बारे में ये सब कहा था
अनिल विज
- फोटो : File Photo
बता दें कि इससे पहले अनिल विज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर विवादित बयान दिया था। अनिल विज ने कहा था कि गांधी धीरे-धीरे देश की करेंसी नोटों से भी हट जाएंगे। अच्छा हुआ कि गांधी की जगह कैलेंडर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगाई गई, मोदी गांधी से ज्यादा बड़ा ब्रांड नेम हैं।
अनिल विज ने कहा था कि जब से खादी के साथ गांधी का नाम जुड़ा है, खादी उठ ही नहीं सकी, खादी डूब गई। गांधी का नाम ऐसा है कि जिस दिन से नोट पर तस्वीर छपी है, उस दिन से नोट की डिवैल्यूएशन हो गई। वहीं विज ने ये बस कह तो दिया था, लेकिन इसे लेकर उनकी खूब फजीहत हुई। जिसके बाद उन्होंने अपना बयान वापिस ले लिया था।
अनिल विज के इस बयान की आलोचना करते हुए लालू प्रसाद यादव ने तीखा हमला बोला था। उन्होंने विज को देश का नालायक बेटा बताया और कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा नेताओं और मंत्रियों से ऐसे ही विवादित और अतार्किक बयानों की उम्मीद की जा सकती है।