विपक्ष की ओर से पीएम मोदी पर हमले के जवाब में भाजपा नेताओं ने किया बदलाव
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीएम मनोहर लाल समेत हरियाणा भाजपा के बड़े नेताओं व विधायकों ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने नाम के साथ मोदी का परिवार लिखा। यह बदलाव पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। यह अभियान भी उसी तरह का है, जैसे पिछले लोकसभा चुनाव से पहले ठीक पहले भाजपा ने मैं हूं चौकीदार अभियान शुरू किया था। उस दौरान सभी ने अपने नाम के आगे मैं हूं चौकीदार लिखा था। दरअसल, रविवार को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पटना में एक रैली के दौरान पीएम मोदी पर निजी हमला किया था। उन्होंने कहा था, मोदी के पास तो परिवार ही नहीं है। उनके इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई और पीएम मोदी ने इस का जवाब देते हुए कहा- ये तो बोलते हैं कि मोदी का परिवार ही नहीं है। पीएम के इस बयान के बाद सबसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर अपना बायो बदला और उसके आगे मोदी का परिवार लिख दिया। इसके बाद हरियाणा भाजपा के नेताओं ने भी अपने एक्स के आगे मोदी का परिवार दिया। सीएम मनोहर लाल के साथ हरियाणा के लोकसभा प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने अपने बायो में बदलाव किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, लोकसभा के सह प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई, प्रदेश महासचिव मोहन लाल बड़ौली, सांसद कृष्ण लाल पंवार, सांसद डाॅ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक प्रमोद विज, विधायक कृष्ण चंद मिड्डा, पूर्व सांसद सुधा यादव, पूर्व सांसद अशोक तंवर और युवा प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने भी अपने नाम के आगे मोदी का परिवार लिखा।
सीएम मनोहर लाल समेत अन्य नेताओं का ब्लू टिक गायब
उधर, एक्स पर मोदी का परिवार लिखते ही सीएम मनोहर लाल समेत अन्य भाजपा नेताओं का ब्लू टिक गायब हो गया है। इसी तरह से ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु, बिप्लब कुमार देब व अन्य नेताओं के अकाउंट से ब्लू टिक गायब हो गया है। इससे पहले जब नेताओं ने अपने प्रोफाइल के डीपी पर तिरंगा लगाया था, तब भी ब्लू टिक गायब हो गया था। हालांकि यह ब्लू टिक कुछ समय बाद वापस आ गया था। दरअसल, एक्स की नई पॉलिसी के तहत जब कोई अपने मूल बायो में कोई बदलाव करता है तो ब्लू टिक हट जाता है।