हल्लोमाजरा के दीप कांप्लेक्स में एक विधवा के प्लॉट पर कब्जा करने के मामले में बीजेपी पार्षद सतीश कैंथ को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने एसएसपी के सामने सुबूत पेश किए। उन्होंने बताया कि एसएसपी ने दोबारा जांच का आश्वासन दिया है। इसके आधार पर केस की दोबारा जांच तक उनकी गिरफ्तारी नही हो सकती।
सतीश कैंथ ने बताया कि बुधवार शाम एसएसपी डां. सुखचैन सिंह गिल के सामने वह पेश हुए। इस दौरान उन्होंने थाना पुलिस पर एकतरफा जांच के आधार पर केस दर्ज करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि केस की शुरूआत से अभी तक का सुबूतों वाला एक प्रेजेंटेशन पेश किया।
इसके बाद एसएसपी ने मामले की दोबारा से जांच कराने का आश्वासन दिया है। कैंथ पर हल्लोमाजरा में बिमला देवी के पांच मरले के प्लॉट पर कब्जा करने का आरोप है। बिमला देवी व उनका परिवार फरीदाबाद में रहता है। बिमला देवी का बेटा अरुण गुप्ता बीच बीच में प्लॉट देखने के लिए आता रहता था। एक बार जब वह काफी लंबे समय के बाद आया तो उसके प्लॉट पर पूरा मकान बना था।
सतीश कैंथ ने उस मकान पर दो मंजिला मकान बना लिया था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कैंथ ने धोखे से प्लॉट पर कब्जा कर मकान बना लिया। पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद थाना पुलिस ने बीजेपी पार्षद सतीश कैंथ पर अवैध कब्जा और धोखाधड़ी के केस दर्ज किया है।