भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी
- फोटो : संवाद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का कहना है कि कांग्रेस राज में रोहतक के अंदर भ्रष्टाचार की नहर बहती थी। सरकारी नौकरियों की बोली लगती थी। पूरा गांव नौकरी लगवाने चंडीगढ़ पहुंच जाता था। अब ऐसा नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खर्ची व पर्ची पर रोक लगा दी है। अब गरीब का बेटा भी प्रदेश सरकार में अफसर लग रहा है।
वे रविवार को ओल्ड आईटीआई मैदान में राम मंदिर बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत, पार्टी नेता सुधा यादव, अरविंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु, सांसद अरविंद शर्मा व अन्य नेता नहीं पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, निवर्तमान मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व मेयर रेणु डाबला, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाबा, पूर्व पार्षद अशोक खुराना व अन्य स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता ही मौजूद रहे।
बता दें कि आयोजक एवं व्यापारी नेता राकेश वर्मा ने राममंदिर बनने पर पीएम मोदी का धन्यवाद करने के लिए जनसभा आयोजित की थी, जिसमें दिग्गज भाजपा नेताओं को आमंत्रित किया था, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नायब सैनी व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के अलावा अन्य नहीं पहुंचे।
कार्यक्रम के आयोजक व्यापारी नेता राकेश वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भाजपा ने 500 साल बाद अयोध्या में राम मंदिर बनाया है। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह हुआ। प्रधानमंत्री व पार्टी का धन्यवाद करने के लिए पुरानी आईटीआई मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन किया है।