सीएम ने हांसी की घटना पर कहा कि इसका खुलासा होने पर सुरजेवाला, हुड्डा और शैलजा अब ट्वीट भी नहीं कर पा रहे हैं। इस दौरान सांसद संजय भाटिया, रमेश कौशिक, रामचंद्र जांगड़ा, कृषि मंत्री जेपी दलाल, विधायक मोहनलाल बड़ौली, जजपा नेता केसी बांगड मौजूद रहे।
बाप-बेटा दोनों लोकसभा चुनाव में हारे, अब बेटे को राज्यसभा भेजकर घर में चौधर रखी
सीएम मनोहर लाल ने हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल अपने घर में चौधर रखना चाहते हैं। बाप-बेटा दोनों लोकसभा चुनाव हार गए और जब राज्यसभा की बारी आई तो हरियाणा में किसी अन्य नेता की जगह दीपेंद्र हुड्डा को राज्यसभा भेज दिया। सीएम ने कहा कि इनकी चौधर केवल घर की है, जनता के लिए नहीं है। सीएम ने कहा कि कृषि कानून पर कांग्रेस ने केवल जनता को बरगलाने का काम किया है। जबकि उसका किसानों का फायदा ही होगा।
हर खेत की ट्रैकिंग होगी, जीरो प्रतिशत पर लोन मिलेगा
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के हर खेत की ट्रैकिंग करवाई जाएगी और सरकार के पास किसान की हर फसल का ब्योरा होगा। जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को लोन दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 11 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी जा चुकी है। वहीं 443 करोड़ रुपये फसल खरीद के लिए जारी हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मूंगफली की फसल भी पहली बार खरीदी जाएगी, जिसके लिए एमएसपी 5275 रुपये रहेगा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए कुछ कथित किसान नेता ही कांग्रेस के बहकावे में आकर किसानों को भड़का रहे है। सीएम ने कहा कि सरकार का काम यह सुनिश्चित करना है कि मंडियों के अंदर या बाहर किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर नहीं बिके और यह किया जा रहा है।
विरोध करने वालों से ज्यादा किसान समर्थन में आए
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि विपक्षी पार्टियां कहती हैं कि सड़कों पर किसान नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। लेकिन जब हमने धरातल पर देखा तो उनसे ज्यादा किसान हमारी धन्यवाद रैली में आए और कृषि कानूनों का स्वागत किया। इससे पता चलता है कि विपक्षी पार्टी ही किसानों को बरगला रही है और किसानों को इसके बारे में सही जानकारी नहीं है, जिनको कृषि कानूनों के बारे में बताया जा रहा है। सीएम ने यह भी बताया कि प्रदेश में 2500 करोड़ से बनने वाले नेशनल हाईवे का काम शुरू हो चुका है। वह इस हल्के से गुजरेगा, जिससे हलके में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
उपचुनाव के बाद पंचायत और निकाय चुनाव भी मिलकर लड़ेंगे
भाजपा कार्यालय में सीएम मनोहर लाल ने कार्यकर्ता सम्मेलन में संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 5 साल में भाजपा ने कोई उपचुनाव नहीं हारा है, इसलिए इस उपचुनाव में अधिक मेहनत करके जीत सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा सीट से न विपक्षी पार्टियां अपनी सरकार बना सकती हैं और न ही हमारी सरकार गिरा सकती है। इसलिए बनी बनाई सरकार में एक सीट जोड़कर गठबंधन को मजबूत करें।