जींद उप चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा रोहतक लोकसभा सीट से जीत की हैट्रिक लगा चुके पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा को रोकने के लिए सक्रिय हो गई है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट टीम में मुल्तान के सुल्तान के नाम से विख्यात रहे वीरेंद्र सहवाग को टिकट दे सकती है। साथ ही पार्टी नेतृत्व दिल्ली से क्रिकेटर गौतम गंभीर और पंजाब की गुरदासपुर सीट से फिल्म स्टार अक्षय कुमार को मैदान में उतारने का मन बना चुका है।
सहवाग के नाम पर 27 फरवरी को हिसार में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली मीटिंग में चर्चा हो सकती है। निगम चुनाव के बाद जींद उप चुनाव में पार्टी की जीत से पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश सरकार से खुश है। ऐसे में अब हरियाणा की लोकसभा सीटों पर फोकस किया जा रहा है। इसमें सबसे ज्यादा नजर 2014 में मोदी लहर के बावजूद हाथ से निकल गई रोहतक, हिसार व सिरसा सीट पर है।
इनेलो के बंटवारे के बाद हिसार व सिरसा सीट की बजाय भाजपा का ज्यादा फोकस रोहतक सीट पर हैं। क्योंकि यहां से दीपेंद्र हुड्डा लगातार तीन बार जीत चुके हैं। अगर भाजपा दीपेंद्र को हराने में कामयाब रही तो इसका सीधा असर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मनोबल पर पड़ेगा। इसके लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 फरवरी को हिसार में रोहतक, हिसार व सिरसा लोकसभा सीट पर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने आ रहे हैं।
वीरेंद्र सहवाग को उतारने की वजह
-वीरू झज्जर जिले के गांव छुड़ानी के रहने वाले हैं। ऐसे में उन पर बाहरी होने का आरोप भी नहीं लगेगा।
- रोहतक लोकसभा का 16 बार चुनाव हो चुका हैं, जिसमें 10 बार हुड्डा परिवार ने जीत हासिल की। ऐसे में जीत की हैट्रिक जमा चुके दीपेंद्र हुड्डा को हराने के लिए दमदार चेहरा चाहिए।