भाजपा ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पंजाब और चंडीगढ़ का नया प्रभारी बनाया है। चंडीगढ़ में किसी को सह प्रभारी नहीं बनाया गया है लेकिन नरिंदर सिंह रैना को पंजाब के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले चंडीगढ़ व पंजाब भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी दुष्यंत गौतम के पास थी। इसके अलावा नगर निगम चुनाव के दौरान विनोद तावड़े को चुनाव प्रभारी बनाकर चंडीगढ़ भेजा गया था।
विनोद तावड़े को अब बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने शुक्रवार को पंजाब समेत 15 प्रदेशों व केंद्र शासित राज्यों में प्रभारी व सह प्रभारी की नियुक्ति की है। दुष्यंत गौतम के प्रभारी रहते 2022 में भाजपा ने पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था हालांकि परिणाम अच्छे नहीं रहे और भाजपा को सिर्फ दो सीटों पर ही विजय मिली थी। वहीं पंजाब भाजपा का बड़ा चेहरा तरुण चुघ को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने तेलंगाना की जिम्मेदारी दी है।
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देब को हरियाणा भाजपा की जिम्मेदारी
हरियाणा भाजपा को 2024 में सत्ता में लाने का जिम्मा अब त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव पर आ गया है। भाजपा आलाकमान ने उन्हें प्रदेश प्रभारी की नई जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान प्रभारी विनोद तावड़े को बिहार का नया प्रभारी लगाया गया है। तावड़े को दो साल से अधिक का समय बतौर प्रभारी हो चुका था।
बिप्लव त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें संगठन का लंबा अनुभव है। अब उन पर यह दारोमदार है कि भाजपा को वह कैसे 2024 के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाते हैं। भाजपा 2024 में अपने दम पर सत्ता में आना चाहती है, इसलिए नए सिरे से बिसात बिछाई जा रही है।
आलाकमान धरातल तक पार्टी को मजबूत करना चाहता है। अब बूथ पालक, पन्ना प्रमुख को और सक्रिय करने की तैयारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बीते दिनों हरियाणा प्रवास के दौरान पूरा फीडबैक लेकर जा चुके हैं। नए बदलाव को लेकर अनेक कयास लगाए जा रहे हैं लेकिन इसके पीछे आलाकमान की संगठन में नयापन लाने की शुरुआत है।