हरियाणा में नगर निगम चुनावों का बिगुल बज चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम चुनावों के लिए मेयर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दिया। दिल्ली में भाजपा चुनाव समिति की बैठक में नामों का फैसला हुआ। प्रभारी अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव संबंधी अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
हरियाणा में 16 दिसंबर को पांच नगर निगमों व नगर पालिकाओं के चुनाव प्रस्तावित है। फिलहाल बैठक में मेयर प्रत्याशियों के नाम पर तो सहमति बन गई है, लेकिन पार्षदों के नाम रविवार को फाइनल किए जाएंगे। मेयर प्रत्याशियों के तय नामों में रोहतक नगर निगम में मनमोहन गोयल, करनाल से रेनू बाला, हिसार से गौतम सरदाना, पानीपत से अवनीत कौर और यमुनानगर से मदन चौहान को मेयर का भाजपा प्रत्याशी तय किया गया है।
मेयर प्रत्याशियों के नामों को फाइनल करने में भाजपा ने सोशल इंजीनियरिंग फार्मूले का पूरा इस्तेमाल किया है। पांचों सीटों पर अलग-अलग बिरादरी के मेयर प्रत्याशी उतारकर भाजपा ने इन बिरादरियों को साधने का काम किया है। सीएम के मीडिया एडवाइजर राजीव जैन ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई है। निकाय चुनावों को किस तरह से लड़ना है, बूथ कमेटियों को कैसे मजबूत करना है, चुनाव में किन मुद्दों को लोगों तक ले जाना है और विपक्ष की घेराबंदी कैसे करनी है इत्यादि मसलों भी चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की गई।