अगर आप अपना या अपने किसी करीबी का जन्मदिन मनाने के साथ गेट टू गेदर पार्टी करना चाहते हैं तो चंडीगढ़ प्रशासन खास ऑफर लेकर आया है। आपके लिए ‘होप ऑन होप ऑफ’ टूरिस्ट बस में यह सुविधा आपको मुहैया कराने जा रहा है। चलती हुई ‘होप ऑन होप ऑफ’ टूरिस्ट बस में इन कार्यक्रमों के लिए प्रशासन अब संगीत और जादू के शो का भी इंतजाम करने जा रहा है। इसके अलावा टैटू आर्टिस्ट को भी हायर किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा टेंडर जारी किया गया है। सेक्टर-17 स्थित सिटको ऑफिस के साथ सिटको के किसी भी आउटलेट से बुकिंग की पूरी जानकारी ली जा सकती है।
चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) अपनी आय बढ़ाने के साथ ही शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए होप ऑन होप ऑफ टूरिस्ट बस पर जन्मदिन मनाने के साथ गेट टू गेदर पार्टी की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। टूरिस्ट बस पर बर्थ डे मनाने का अंदाज सबसे अलग होगा। खासकर यह बच्चों के लिए काफी अच्छा अनुभव होगा, इसी के चलते सिटको ने यह शुरुआत की है। बर्थ डे या गेट टू गेदर पार्टी के लिए प्रशासन की ओर से वेज फूड के लिए 500 और नॉन वेज फूड के लिए 550 रुपये प्रत्येक व्यक्ति चार्ज किए जाएंगे। सिटको के चीफ जनरल मैनेजर उमा श्ंाकर गुप्ता ने बताया कि शहर के लोगों को बर्थ डे पार्टी के लिए होप ऑन होप ऑफ टूरिस्ट बस की सुविधा दी गई है। लोग बुकिंग कराकर इसकी सुविधा ले सकते हैं।
सुखना और शिवालिक व्यू में भी मना सकते हैं बर्थडे
होप ऑन होप ऑफ टूरिस्ट बस के अलावा सुखना लेक और शिवालिक व्यू के रेस्टोरेंट में भी जन्मदिन मनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पहली बार सिटको की ओर से शहर में इन तीन प्वाइंट पर पार्टी सेलिब्रेट करने का निर्णय लिया गया है।
एक घंटे से लेकर फुल डे के सफर का पैकेज
सिटको की होप ऑन होप ऑफ बस सेक्टर-17 स्थित शिवालिक होटल से चलकर सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन, सेक्टर-10 स्थित म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी और सुखना लेक से गुजरती है। इसके अलावा बस से बोगनविला गार्डन और फुल डे टूर में गांधी भवन पंजाब यूनिवर्सिटी और कैपिटल कांप्लेक्स का आउटर व्यू भी शामिल होता है। बस के एक घंटे के टूर से लेकर फुल डे टूर का किराया अलग-अलग है।