कुछ महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए युवा नेता विभोर बतरा पिछले पांच दिनों से घर से लापता है। उनकी मां ने मंगलवार को इस मामले की सेक्टर-पांच थाने में शिकायत दे दी है, जिसपर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सेक्टर-चार निवासी विभोर बतरा इससे पहले यूथ कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैँ। वीरेन्द्र सिंह के काफी करीबी माने जाने वाले विभोर बतरा खुद भी टिकट का दावेदार मानते रहे हैं। परिजनों के मुताबिक टिकट नहीं मिलने से मायूस होकर वह कहीं चले गए, जिसकी पुलिस पड़ताल कर रही है।
बतरा की गुमशुदगी के बारे में उनकी मां ने बताया कि उन्होंने दिल्ली जाने की बात कही, लेकिन पांच दिनों तक नहीं लौटने पर आखिरकार शिकायत दी गई। उन्होंने अपना मोबाइल फोन, गाड़ी सहित अन्य कई चीजें छोड़कर कही चले गए और अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
चुनाव से ठीक पहले एक युवा नेता की गुमशुदगी जिन्होंने करीब तीन महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा, कई सवाल उठने लगे हैं। इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच पर टिकी है।