हरियाणा में चालीस लाख बच्चों का बायोमीट्रिक अपडेट होगा। आने वाले समय में बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ अपडेट बायोमीट्रिक के आधार पर ही मिलेगा। अपडेट बायोमीट्रिक को आधार के साथ लिंक किया जाएगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने इसे अपडेट करना अनिवार्य किया है। चालीय लाख बच्चों के दोबारा फिंगर प्रिंट लेने की प्रक्रिया प्रदेश में शुरू की जा चुकी है। स्कूलों व अन्य संस्थानों से आने वाले अपडेट बायोमीट्रिक को बैंक भी आधार के साथ लिंक करेंगे।
प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय ने बैंकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि आधार में बायोमीट्रिक अपडेशन में कोई कोताही न बरतें। यह बेहद गंभीर मामला है। अपडेट सिस्टम के आधार पर ही बच्चों को हर सरकारी सुविधा का लाभ मिलना है। अगर बायोमीट्रिक अपडेट न हुआ या कोई गलती हुई तो पात्र बच्चे भी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह जाएंगे। बैंकों को बायोमीट्रिक अपडेट करने के काम के सौ रुपये प्रति बच्चा प्राधिकरण देगा। पहले यह राशि प्रति बच्चा दस रुपये दी जाती थी। जिसे बढ़ाया जा चुका है।
क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ की उपमहानिदेशक भावना गर्ग ने इस मामले को बीते दिनों हरियाणा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में भी उठाया था। उन्होंने कहा था कि आधार को हर योजना में जरूरी माना गया है। हरियाणा में आधार के साथ चालीस लाख बच्चों के बायोमीट्रिक को अपडेट किया जाना है। बैंक इस काम को गंभीरता से लेते हुए ध्यान से करें, चूंकि इसके जरिए ही सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। अगर कोई गड़बड़ी हुई तो पात्र लाभ से वंचित हो जाएंगे।
बैंकर्स समिति की बैठक में विशेष रूप से शामिल रहे हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस डॉ. सुनील गुलाटी भी बैंकों को केंद्रीय योजनाओं में रूचि लेने की सलाह दे चुके हैं। उन्होंने बैंकर्स को अपना काम करने का तरीका बदलने का भी सुझाव दिया है। साथ ही आधार को हर योजना के साथ लिंक करने के भी निर्देश दिए हैं।