मजीठिया ने केजरीवाल पर लगाए गंभीर आरोप
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कनवीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल झूठ की राजनीति कर रहे हैं। वे सोमवार को गांव गिलजियां में एक समागम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता और आरटीएस के कमिश्नर लखविंदर सिंह लक्खी विशेष तौर पर मौजूद थे। मजीठिया ने कहा कि पंजाब की नुहार शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठजोड़ वाली पंजाब सरकार द्वारा ही बदली गई है।
उन्होंने कहा कि एसवाईएल मुद्दे पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अगुवाई वाली सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्हीं की बदौलत असली मालिकों को अपना मालिकाना हक प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि पांच दिनों के भीतर ही 202 गांवों की 4261 एकड़ जमीन 21 हजार 511 असल मालिकों के नाम तबदील करने के लिए मुख्यमंत्री और माल विभाग के अधिकारी बधाई के पात्र हैं।
झूठ की राजनीति कर रहे हैं केजरीवाल: मजीठिया
बिक्रमजीत सिंह मजीठिया
- फोटो : file photo
मजीठिया ने कहा कि केजरीवाल पंजाब के निवासियों से झूठ की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस के पंजाब प्रधान कैप्टन अमरिंदर का भी पंजाब के पानियों संबंधी दोहरा चेहरा जग जाहिर हो गया है। उन्होंने कहा कि उस समय की जारी हुई फोटो से पंजाब के निवासी अच्छी तरह से परिचित हो गए हैं कि कैप्टन एसवाईएल पर दोहरी राजनीति कर रहे है।
उन्होंने कहा कि पटियाला से बठिंडा तक बनाई जा रही चार मार्गी सड़क बेमिसाल होगी। सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए गए हैं और जल्द ही आदमपुर में घरेलू एयरपोर्ट बनेगा जो दोआबा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की खुशहाली और तरक्की के लिए दोबारा शिरोमणि अकाली दल भाजपा गठजोड़ की सरकार बहुत जरूरी है।
इस मौके पर हलका विधायक गढ़शंकर और शिरोमणि अकाली दल के जिला देहाती प्रधान सुरिंदर सिंह भुल्लेवाल राठां, यूथ अकाली दल के दोआबा जोन के प्रधान सरबजोत सिंह साबी, हलका इंचार्ज उड़मुड़ टांडा और उम्मीदवार अरविंदर सिंह रसूलपुर, जिला आर्ब्जर्वर शिरोमणि अकाली दल कुलवंत सिंह बाठ, जिला प्रधान यूथ अकालीदल कर्मबीर सिंह घुम्मन, एसजीपीसी सदस्य जत्थेदार तारा सिंह सल्लां, जिला प्रधान स्त्री अकाली दल बीबी सुखदेव कौर सल्लां, बलदेव सिंह सल्लां, सुखविंदर सिंह मूनक, एडवोकेट राज गुलजिंदर सिंह सिद्धू और बरिंदर सिंह मौजूद थे।