चंडीगढ़। सेक्टर-41/42 रोड पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। बस के टायर के नीचे सिर कुचलने से बाइक चालक की मौत हो गई। बस तरनतारण के पट्टी से चलकर बस स्टैंड सेक्टर-43 जा रही थी। मृतक की पहचान सेक्टर-37 निवासी संजीव (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने पंजाब रोडवेज के बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बस को जब्त कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे जमानत पर छोड़ दिया। आरोपी गुरमीत सिंह तरनतारन का रहने वाला है। मौक पर मौजूद संजीव के कजन भाई श्रवण ने बताया कि मृतक के दो भाई और हैं। संजीव के परिवार वाले उसकी शादी के लिए लड़की देख रहे थे।
मृतक के दोस्त अश्वनी ने बताया कि संजीव सेक्टर- 44 स्थित कनेक्ट कंपनी में काम करता था। संजीव का इंटरनेट कनेक्शन लगाने का काम था। वह सुबह करीब 11 बजे इंटरनेट का सामान लेकर अपने दोस्त को लेने के लिए कजहेड़ी जा रहा था। जब वह सेक्टर-41/42 डिवाइडिंग रोड पर चौक के नजदीक पहुंचा तो बस को पास में आता देख बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और गिर गया। उसका सिर बस के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिसके चलते उसकी मौके पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पीछे सीढ़ी होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। जिस कारण से वह बस की चपेट में आ गया।
हेलमेट मजबूत पहना होता तो बच सकती थी जान
संजीव ने हेलमेट काफी हल्का पहना हुआ था। हेलमेट मजबूत पहना होता तो संजीव की जान बच सकती थी। उसके हेलमेट के परखच्चे उड़ गए। बस चालक तरनतारण से सुबह साढ़े 4 बजे चंडीगढ़ के लिए बस लेकर निकला था। चालक पिछले 16 सालों से बस चला रहा है।