चंडीगढ़। सेक्टर-32 में बाइक सवार स्नैचर नर्सिंग ऑफिसर से पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में चार हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वारदात सोमवार रात करीब 9.30 बजे की है।
सेक्टर-32 की रहने वाली चंद्रा (27) जीएमसीएच-32 में नर्सिंग ऑफिसर है। बीती रात वह ड्यूटी से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इस दौरान जब वह सेक्टर-32 स्थित एक प्राइवेट स्कूल के पास पहुंची तो बाइक सवार झपटमार उससे पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया। शोर-शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता के मुताबिक पर्स में चार हजार रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज थे। वहीं पुलिस अब आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।