श्री गुरु रविदास चौक के पास एचपी पेट्रोल पंप के बाहर एक बाइक में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पेट्रोल पंप के बाहर लगी इसलिए बड़ा हादसा होने से बच गया। गुलशन निवासी आबादपुरा ने बताया कि वह मोटर साइकिल में पेट्रोल डलवाकर जब स्टार्ट करने लगा तब उसके इंजन से धुआं निकलने लग गया।
उसने तुरंत समझदारी दिखाते हुए मोटर साइकिल को पेट्रोल पंप से बाहर लाकर मिट्टी डालनी शुरू कर दी। उसने पेट्रोल पंप से आग बुझाने वाला फायर सिलिंडर भी मांगा था लेकिन पंप वालों ने कहा कि इसके 800 रुपये दो तभी फायर सिलेंडर मिलेगा।
देखते ही देखते आग ने मोटर साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद गुलशन ने पेट्रोल पंप से फायर सिलेंडर लिया और आग पर काबू पाया। गुलशन ने बताया कि वह लोन रिकवरी का काम करता है और यह मोटर साइकिल भी रिकवरी की थी, जिसमें आग लग गई।