हजारों अभिभावकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। नौनिहालों का स्कूल में दाखिला कराते समय अब जेब ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी। दरअसल, प्रदेश के स्थायी व अस्थायी मान्यता प्राप्त सात हजार दो सौ निजी स्कूल शैक्षणिक सत्र 2017-18 में अपनी स्कूल फीस में कोई वृद्धि नहीं करेंगे।
स्कूल प्रबंधकों ने फीस बढ़ाने का मसौदा सरकार को नहीं सौंपा है। 3175 निजी स्कूलों ने ही सरकार को नए सत्र के लिए फीस संबंधी फार्म-6 भर ऑनलाइन जमा कराए हैं। ये स्कूल भी मात्र दस प्रतिशत तक फीस बढ़ा सकेंगे, इसके लिए उन्हें सरकार को बताना होगा कि कौन सी अतिरिक्त सुविधा प्रदान की गई है।
प्रदेश में कुल दस हजार दो सौ स्थायी व अस्थायी मान्यता प्राप्त निजी स्कूल हैं। इनमें 32 सौ स्थायी मान्यता प्राप्त और लगभग सात हजार अस्थायी मान्यता प्राप्त हैं। इनमें सीबीएसई से संबद्धता प्राप्त स्कूल भी शामिल हैं।