चंडीगढ़। शहर के मनीमाजरा, इंदिरा कॉलोनी, खुड्डा अलीशेर और सेक्टर-26 स्थित बापूधाम के कई घरों में इस बार पानी के बिल में एरियर (पिछला बिल) जोड़कर भेजा गया है। लोग पानी के ज्यादा बिल देखकर परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने पिछला जमा करा दिया था फिर दोबारा उन्हें क्यों वसूला जा रहा है। हालांकि, नगर निगम के अधिकारी कुछ इलाकों में आई तकनीकी खराबी बता रहे हैं। इंदिरा कॉलोनी के लगभग सभी घरों के पानी के बिल में एरियर जोड़ कर आया है। लोगों ने पिछला बिल समय सीमा के अंदर ही जमा कराया है, लेकिन फिर भी इस बार जोड़कर भेजा गया है। कई लोग बढ़े बिल को भी जमा करा चुके हैं। अब सवाल है कि उनका बिल कैसे एडजस्ट किया जाएगा। यह चिंता की बात इसलिए भी है, क्योंकि बहुत से लोग अब ऑनलाइन पानी का बिल जमा कर रहे हैं और ऑनलाइन पानी के बिल में सिर्फ बिल की राशि दिखाई जाती है। उसमें विवरण नहीं होता है। इस वजह से कई लोगों ने पानी का बिल पूरा चुका दिया। उसके बाद जब उनके घर में पानी का बिल पहुंचा तो वह यह देखकर हैरान हो गए कि उन्होंने जो बिल चुकाया है, उसमें वर्तमान बिल के साथ पिछले बिल के पैसे भी जोड़े गए हैं।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने पिछला बिल जमा कराया है और उनके पास संपर्क केंद्र या बिल जमा कराने की स्लिप मौजूद है तो वह इस महीने का बिल जमा कराते समय संपर्क केंद्र पर कर्मचारियों को दिखा सकते हैं। इससे उनका एरियर माफ हो जाएगा और उन्हें सिर्फ इस बार का ही बिल चुकाना होगा। सूत्रों के अनुसार शहर के पूर्वी इलाकों में बिल तैयार करते समय कोई तकनीकी समस्या आई है, जिसकी वजह से लोगों के घरों में एरियर के साथ बिल पहुंचा है। मेयर अनूप गुप्ता ने कहा कि लोगों को पुराना बिल चुकाने की जरूरत नहीं है।वह इस मामले की जांच कराएंगे।