चंडीगढ़ सेक्टर-26 की पुलिस लाइन के फुटबॉल ग्राउंड में मंगलवार शाम बड़ा खाना आयोजित किया गया। इसमें करीब 800 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने एक साथ भोजन किया। इस मौके पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि रहे।
इस दौरान प्रशासक ने बेहतरीन कार्य करने वाले 402 पुलिसकर्मियों और उनके बच्चों को कुल एक करोड़ 85 हजार हजार रुपये का नकद इनाम दिया। इसके साथ ही राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वालों के साथ कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले 21 बच्चों को चेक देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव मंदीप सिंह बराड़, डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव, वित्त सचिव दिप्रवा लाकड़ा, डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, आईजी पुष्पेंद्र कुमार, एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह और एसएसपी कंवरदीप कौर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्राकृतिक मौत पर सहायता राशि एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख
सड़क हादसे में मौत (ऑफ ड्यूटी) 5 लाख
सड़क हादसे में मौत (ऑन ड्यूटी) 10 लाख।
अंतिम संस्कार शुल्क 20 हजार से बढ़ाकर 50 हजार दिया
स्थायी विकलांगता पर सहायता
सेवा में जारी रहते हुए स्थायी विकलांगता पर एक लाख।
रिटायर हो चुके अधिकारी को स्थायी विकलांगता पर 3 लाख।
हवाई मार्ग से भारत में कहीं भी शव लाने-ले जाने पर 20 हजार की सहायता।
शादी लोन 3 लाख से बढ़ाकर 4 लाख।
बीमारी पर लंबी छुट्टी (ईओएल) सहायता
लंबे समय तक बीमार रहने की स्थिति में 20 हजार प्रति माह
बेटे/बेटी की पढ़ाई के लिए 5 परसेंट पर 5 लाख तक का लोन
आपातकालीन मेडिकल में एक लाख की मदद
पुलिस अस्पताल में बच्चों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाएं
13वां वेतन जल्द मिलेगा, वेतन से होने वाली कटौती पर रोक
पिछले 2 साल से तकनीकी कारणों से रुकी हुई 13वीं सैलरी की घोषणा भी की गई है। इसके अलावा 2022 से बंद की गई वेतन से होने वाली कटौती अब फिर से शुरू होगी। इसमें 3.5 प्रतिशत ब्याज के साथ रिटायर हो चुके कर्मचारियों को बकाया राशि भी दी जाएगी। वहीं कार्यक्रम में गुलाब चंद कटारिया ने पुलिस फैमिली वेलफेयर सेंटर का उद्घाटन किया। यहां सिलाई, पेंटिंग और बेकिंग जैसी कक्षाएं पुलिसकर्मियों की पत्नियों और बच्चों के लिए शुरू की गई हैं।
तीन थानों के एसएचओ सम्मानित
अगस्त में पहला, दूसरा और तीसरे स्थान पर आने वाले तीनों थानों के एसएचओ को नकद और सर्टिफिकेट के साथ प्रशासक ने सम्मानित किया।यह रैंकिग बेहतरीन कार्य करने और आम नागरिकों द्वारा थानों को दी गई रेटिंग के हिसाब से जारी की गई। जिसमें पहले स्थान पर आने पर आईटी पार्क थाना प्रभारी ऊषा राणी को 50 हजार, दूसरे स्थान पर सारंगपुर थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज को 30 हजार और तीसरे स्थान पर आने पर इंडस्ट्रियल एरिया थाने के एसएचओ सतनाम सिंह को 20 हजार रुपये और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।