अगर आप अपने मकान का ट्रांसफर आवेदन के दिन ही करवाना चाहते हैं, तो अब यह मुमकिन होगा। इसके लिए आपको फीस के अलावा 15 हजार रुपये अतिरिक्त देने होंगे। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने शहरवासियों को यह सुविधा देने की तैयारी कर ली है।
इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और नए गठित हाउसिंग बोर्ड की बैठक में बुधवार को इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार एक दिन के साथ-साथ 5 और 10 दिन के भीतर भी मकान नाम करवाने (ट्रांसफर) की सुविधा दी जाएगी।
5 दिन में मकान ट्रांसफर के लिए 10 और 10 दिन के भीतर मकान ट्रांसफर के लिए 5 हजार रुपये अलग से अदा करने पड़ेंगे, जबकि ट्रांसफर फीस का अलग से भुगतान करना होगा।
दो माह पहले ही शुरू हुई मकान ट्रांसफर की प्रक्रिया
इस समय शहर में 48 हजार हाउसिंग बोर्ड के मकान हैं और बोर्ड की ओर से दो माह पहले ही मकान ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की गई है जबकि कई सालों से यह प्रक्रिया बंद थी। अब जिन मकानों में वायलेशन है वह भी ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रस्ताव के अनुसार 10 दिन बाद नार्मल प्रक्रिया के तहत मकान ट्रांसफर होगा। मालूम हो कि इस समय आवेदन के दो-दो माह तक भी मकान ट्रांसफर हो रहे हैं।
इन लोगों को होगा ज्यादा फायदा
इस प्रस्ताव के पास होने पर उन लोगों को विशेष तौर पर फायदा होगा जो विदेश में रहते हैं और जिनके पास हाउसिंग बोर्ड का मकान हैं, लेकिन उनके नाम पर मकान ट्रांसफर नहीं हैं।
12 प्रस्ताव चर्चा के लिए
एजेंडे में 12 से ज्यादा प्रस्ताव हैं, जिन पर चर्चा की जानी है इसमें पुनर्वास योजना के तहत बनी कॉलोनियों और हाउसिंग बोर्ड के मकानों के जरूरत के अनुसार होने वाले बदलाव पर भी चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही जिन मकान के अलॉटियों की मौत हो चुकी है उनके लीगल हेयर को प्रॉपर्टी ट्रांसफर करने का भी निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही पार्श्वनाथ से वापस ली गई आईटी पार्क की 123 एकड़ जमीन की स्टेटस रिपोर्ट भी बैठक में पेश की जा रही है।