चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में घर का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) शहर के चार सेक्टरों में बने 109 फ्री होल्ड फ्लैट्स बेचने के लिए टेंडर जारी करने जा रहा है। इसके लिए अनुसूची और दाम जारी कर दिए गए हैं। एक अप्रैल से लोग टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे और जिस फ्लैट के लिए जिसकी बोली सबसे ज्यादा होगी, उसे बेच दिया जाएगा।
सीएचबी अब तक ई-नीलामी के जरिए आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन इस बार बेहतर प्रस्तावों और गोपनीयता बरकरार रखने के लिए टेंडरिंग का सहारा ले रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन की ई-टेंडरिंग वेबसाइट https://etenders.chd.nic.in पर एक से 30 अप्रैल दोपहर दो बजे तक बोली जमा कराई जा सकती है। 30 अप्रैल को दोपहर तीन बजे बोली खोली जाएगी। सेक्टर-38वेस्ट, 49, 51 और 63 में ये मकान मौजूद हैं।
सीएचबी के अधिकारियों का कहना है कि ई-नीलामी में बयाना राशि बैंक में जमा करानी होती थी। उसके बाद बोर्ड की ओर से उस राशि को मंजूरी दी जाती थी और फिर बोली लगाई जा सकती थी। इससे बोलीदाता की गोपनीयता खत्म हो जाती थी। ई-नीलामी में भाग लेने के लिए पहले पंजीकरण कराना होता है। उसके बाद ही वह नीलामी की प्रक्रिया में शामिल हो सकता था, जबकि ई-टेंडरिंग में दिए गए समय के बीच कोई भी बोली लगा सकता है और अपनी बोली में बदलाव भी कर सकता है।
अन्य राज्यों के लोग, एनआरआई भी लगा सकेंगे बोली
बोर्ड ने यह साफ किया है कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। मकान खरीदने के लिए एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि जो भी आरक्षित मूल्य तय किया गया है, उसके अनुसार सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही मकान बेचा जाएगा। हर बोलीदाता को दो लाख रुपये बयाना राशि जमा करानी होगी, जिसे ऑनलाइन जमा कराया जा सकता है। इसके बाद ही वह अपनी बोली जमा कर पाएगा। अप्रैल के हर शनिवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच सेक्टर-38वेस्ट, 49, 51 और 63 में जाकर फ्लैट को देखा जा सकता है। बिक्री के लिए रखे गए फ्लैट पर बोर्ड द्वारा स्टीकर लगाए गए हैं। सभी फ्लैट का नंबर और उसकी कीमत बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
एरिया आरक्षित मूल्य
सेक्टर-63 (एक बेडरूम) 44 लाख
सेक्टर-63 (दो बेडरूम) 67 लाख 30 हजार
सेक्टर-63 (तीन बेडरूम) 86 लाख 24 हजार
सेक्टर-63 (ईडब्ल्यूएस) 23 लाख 44 हजार
सेक्टर-51 (एमआईजी) 84 लाख
सेक्टर-49 (दो बीआर) 71 लाख 26 हजार
सेक्टर-49 (एक बीआर) 39 लाख 38 हजार
सेक्टर-49 (ईडब्ल्यूएस) 25 लाख
सेक्टर-38 वेस्ट (ईडब्ल्यूएस) 24 लाख 35 हजार