चंडीगढ़। सेक्टर-30 स्थित शिव शक्ति मंदिर में सावन के आखिरी दिन बुधवार को भोले नाथ का शृंगार नोटों और सिक्कों से किया गया। भक्तों ने अपनी क्षमता के अनुसार शृंगार कराया। मंदिर प्रधान यादविंदर मेहता ने बताया कि इस वर्ष लगभग एक लाख रुपये के अलग-अलग नोटों और सिक्कों से शृंगार किया गया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष भगवान शिव के भक्त शृंगार के लिए बुकिंग कराते हैं। जिसका जैसा भाव होता है, वैसा शृंगार कराता है। वर्षों से मंदिर में सावन मास में अलग-अलग स्वरूपों में भोलेनाथ का शृंगार होता आ रहा है। इस बार शृंगार में 100 रुपये के 440 नोट, 50 के 200 नोट, 20 के 1450 और 10 के 100 नोटों का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही 10 के 1333 और 5 के 534 सिक्कों का भी इस्तेमाल किया है। मंदिर में दूर-दूर से भक्त शृंगार दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर प्रबंधन की ओर से रात को कुलचे-छोले का प्रसाद भी वितरित किया गया।