चंडीगढ़। सेक्टर-10 में खड़ी कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप और दो बैग उड़ाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की है। पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ सेक्टर-10 मार्केट में एक होटल के बगल में कार खड़ी कर कुछ सामान लेने गई थी। वापस आने पर कार का एक शीशा टूटा मिला और कार में रखा लैपटॉप बैग व बैग गायब था। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जीरकपुर के सावित्री हाइट्स सोसाइटी की रहने वाली प्रेक्षा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती हैं। मंगलवार को वह अपनी चंडीगढ़ नंबर की बलेनो कार में सहेली दीक्षा और प्रीति के साथ सेक्टर 10 मार्केट आई थीं। कार को मार्केट में एक होटल के बगल में पार्क कर खरीदारी करने चली गई। कार की पिछली सीट पर दीक्षा का लैपटॉप और प्रीति के दो बैग रखे थे। बैग में एटीएम कार्ड, यूनिवर्सिटी आईडी कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 500 रुपये थे। जब वह लौटी तो देखा कि एक शीशा टूटा हुआ है और लैपटॉप व बैग गायब है। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी का कोई सुराग लग सके।