शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर हरियाणा सरकार भारत केसरी दंगल कराने जा रही है। इसके तहत ईनाम राशि बहुत बड़ी होगी। 21 से 23 मार्च तक गुड़गांव के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता ‘भारत केसरी दंगल-2016’ का आयोजन किया जाएगा।
खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनिल विज ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ व भारतीय कुश्ती संघ के सहयोग से आयोजित होने वाला यह दंगल देश का सबसे बड़ा इनामी दंगल होगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कोई एंट्री फीस नहीं रखी गई है।
अनिल विज ने बताया कि प्रतियोगिता में शहीद भगतसिंह, सुखदेव व राजगुरू के परिजनों को भी आमंत्रित किया जाएगा और उन्हें प्रतियोगिता के दौरान सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खेल विभाग की ओर से इस वर्ष सितंबर या अक्तूबर माह में इसी प्रकार की एक कबड्डी प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से एक वेबसाइट भी तैयार की गई है। देश में अपनी तरह की इस पहली वेबसाइट पर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों का डाटा ऑनलाइन होगा। एचसीएस व एचपीएससी की भर्तियों में खिलाड़ियों का कोटा निर्धारित करने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस बारे में योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।