चंडीगढ़। सेक्टर-45/सी मार्केट के दुकानदारों को डरा धमकाकर मुफ्त में सामान ले जाने वाले एक फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी को पकड़कर व्यापारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी पिछले डेढ़ महीने में तीन से चार बार दुकानदारों को बिल काटने समेत अन्य नियमों की धौंस दिखाकर उनसे सामान ले जाता था। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने पंचकूला निवासी बलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को शनिवार को जिला अदालत में पेश करेगी। मामला शुक्रवार देर शाम का है।
सेक्टर-45/सी के यूनिटी ग्रुप केशों राम कांप्लेक्स के प्रधान सुशील जैन ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से एक व्यक्ति उनके कांप्लेक्स में शॉपिंग करने आता था। वह खुद को सेल्स टैक्स अधिकारी बताता था। वह दुकानदारों पर बिल न काटने समेत अन्य बातों को लेकर रौब झाड़ता था। सभी को लगता था कि यह असली अधिकारी है और इसी बात का फायदा उठाकर वह दुकानदारों से सैनिटाइजर, दवाइयां, कपड़े समेत अन्य जरूरत के सामान मुफ्त में ले चुका है।
शुक्रवार देर शाम को बलविंदर फिर से आया और दुकानदारों को धमकाने लगा। इस बीच कुछ दुकानदारों से उसने मुफ्त में सामान भी ले लिया, इसी बीच पता चला कि वह फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी है। इसके बाद दुकानदारों ने उसे पकड़कर बुड़ैल चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ, लेकिन पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया। प्रधान सुशील जैन का कहना है कि अगर किसी व्यापारी के साथ भी ऐसा हो रहा है तो आगे आना चाहिए, ताकि मामले का भंडाफोड़ हो सके।
बॉक्स
टैक्सी चालक है बलविंदर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी बार-बार बयान बदल रहा था। कभी वह कहता कि साल 2008 में वह रिटायर हो चुका है, कभी कहता नगर निगम में कार्यरत है, तो कभी कहता पंचकूला के एक अधिकारी की गाड़ी चलता है। इसके बाद पुलिस ने पंचकूला में उक्त अधिकारी से संपर्क साधा तो आरोपी का बयान फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के परिजनों को भी थाने बुलाया। इसके बाद साफ हुआ कि वह टैक्सी चालक है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बॉक्स
पहले भी मामला आया है सामने
बता दें कि इससे पहले भी इस तरह के मामले चंडीगढ़ के अलग अलग सेक्टरों से सामने आ चुके हैं। अक्तूबर 2019 में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने पंजाब पुलिस के नकली इंस्पेक्टर को पकड़ा था। वहीं, सेक्टर-17 थाना पुलिस सितंबर 2020 में पंजाब पुलिस के नकली इंस्पेक्टर को दबोचा जबकि फरवरी 2021 को क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-17 से मिनिस्ट्री ऑफ वेलफेयर का नकली प्रधान निदेशक और सिक्योरिटी फील्ड अधिकारी को दबोचा था।