जॉगिंग के शौकीन पंचकूलावासी जल्द ही हर्बल गार्डन में सैर कर सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने योजना बनानी शुरू कर दी है। इसके तहत जल्द ही घग्गर पार रहने वाले रेजीडेंट्स को सैर के लिए जॉगिंग और एक्यूप्रेशर ट्रैक मिल जाएगा। यह ट्रैक बनेंगे पंचकूला सेक्टर-26 के सामने स्थित हर्बल पार्क में।
पार्क में ट्रैक बनाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा आदेश जारी किया जा चुका है। जल्द ही यहां काम शुरू हो जाएगा। फिलहाल पार्क में ट्रैक है, लेकिन वह सैर करने वालों के लिए पर्याप्त नहीं। सैर करने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हुडा द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा हर्बल पार्क के लिए डेवलपमेंट का प्लान तैयार कर लिया गया है। इस पार्क में नई किस्म की जड़ी बूटियां लगाई जाएंगी और जॉगिंग और एक्यूप्रेशर ट्रैक बनाया जाएगा। कांसेपट यह है कि इस ट्रैक पर सैर करने से कई बीमारियों से मुक्ति मिल सकेगी।
हुडा के एक अधिकारी ने बताया कि इसके लिए प्लान लगभग तैयार है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इस पार्क में योग करने वालों के लिए प्लेटफार्म भी बनाने की योजना है, जिससे सुबह सैर के लिए आने वाले लोग यहां योग कर सकें। यहां शौचालय भी बनाए जाएंगे।
हर्बल गार्डन ही सबसे बड़ा स्थान
घग्गर पार के सेक्टरों में सेक्टर-24, 25, 26, 27, 28 के लोगों के लिए सैर करने के लिए हर्बल गार्डन ही सबसे बड़ा स्थान है। हर्बल पार्क में रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग आते हैं। इस पार्क में लोगों के आने की वजह यह भी है कि यहां पार्किंग का पर्याप्त स्थान है। जिसमें वह अपनी कारें खड़ी कर सकते हैं।
तीन दर्जन से ज्यादा हैं जड़ी-बूटियां
पंचकूला के इस पार्क में जड़ी बूटियों की संख्या 3 दर्जन से ज्यादा हैं। हुडा के एक अधिकारी ने बताया कि यहां और जड़ी-बूटियां लगेंगी और हर्बल पौधे भी लगाए जाएंगे। जिनके बारे में बोर्ड पर डिस्प्ले होगा। जिससे लोगों को ज्यादा से ज्यादा जानकारी मिल सके।
पंचकूला के हर्बल पार्क का हमने दौरा किया था। इसमें जॉगिंग ट्रैक और एक्यूप्रेशर ट्रैक बनाने की योजना तैयार है। इसके साथ ही हम यहां पर ट्वालेट्स भी बनाएंगे। जिससे विजिटर्स को समस्या न हो।
- केके भादू, इस्टेट अधिकारी हुडा