हरियाणा राज्य सरकार अध्यापकों और पुलिस कर्मियों सहित विभिन्न विभागों में शीघ्र ही 43,707 पद भरेगी। जिन उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए पहले ही आवेदन किया हुआ है, उनको नए सिरे से आवेदन करने की जरूरत नहीं है, परंतु भविष्य में यह भर्ती नए मानदंड के अनुसार की जाएगी।
हरियाणा की खट्टर सरकार ने अपने तीन माह के कार्यकाल में नौकरियों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। तृतीय श्रेणी के पदों की भर्ती के लिए नियमों में संशोधन के साथ अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने योग्यता के आधार पर भर्ती करने के लिए नियमों में संशोधन किया है।
तृतीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार के अंक लिखित परीक्षा के कुल अंकों या चयन आयोग द्वारा निर्धारित शैक्षणिक मानदंडों के अंकों का केवल 10 प्रतिशत तक सीमित करने के लिए हरी झंडी दे दी है।
हरियाणा लोक सेवा आयोग को श्रेणी ए और बी के पदों की भर्ती में भी ऐसे प्रावधान करने की सिफारिश की गई है। सरकार का दावा है कि इस प्रावधान के होने से साक्षात्कार में किसी भी प्रकार का पक्षपात नहीं होगा।