मैगी पर प्रतिबंध लगने के बाद डिस्ट्रीब्यूटर ने रिटेलरों से मैगी के पैकेट वापस मंगवाने शुरू कर दिए हैं। फूड सेफ्टी विंग की ओर से कंपनी को पांच दिन का दिया गया वक्त पूरा हो चुका है।
अब फूड सेफ्टी विंग डिस्ट्रीब्यूटर से पूरी डिटेल मांगेगी और आगे की कार्रवाई शुरू करेगी। सूचना है कि कुछ रिटेलर अब भी चोरी-छिपे मैगी बेच रहे हैं।
फूड सेफ्टी विंग के अधिकारियों ने बताया कि कंपनी से डिटेल मिलने के बाद छापेमारी की जाएगी। यदि किसी के पास मैगी के पैकेट मिले तो फूड एवं सेफ्टी विंग से जांच करवाई जाएगी।
पिछले दिनों चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग की ओर से मैगी के कई सैंपल लिए गए थे। जो पहले तीन सैंपल लिए गए थे, उनकी रिपोर्ट पूरी तरह से ठीक आई थी।
उसके बाद छह मैगी के और सैंपल लिए गए, लेकिन अब तक उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। इसके अलावा दूसरी ब्रांड के नूडल्स के सैंपल भी भरे गए थे। अधिकारियों ने बताया कि एक से दो दिन में इन सैंपलों की रिपोर्ट भी आ जाएगी।