मधुमेह मरीजों की आंखों और किडनी को खराब करने के साथ ही उनकी हड्डियों को भी खोखला कर रहा है। मधुमेह ग्रस्त महिलाएं पुरुषों की तुलना में हड्डियों के खोखलेपन का ज्यादा शिकार हैं। इसलिए मधुमेह के मरीजों को हड्डियों को मजबूत करने वाले आहार लेने के साथ ही फ्रैक्चर से बचाव के प्रति सचेत रहने की जरूरत है। मधुमेह से हड्डियों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को पीजीआई के इंडोक्राइनोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ द्वारा किए गए शोध में साबित किया गया है।
शोध में शामिल मधुमेह के मरीजों की हड्डियां सामान्य लोगों से बेहद कमजोर पाई गई हैं। इसके आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया है कि इस मर्ज से शरीर के अन्य अंगों के साथ ही हड्डियों को भी खतरा है। इस शोध को द जनरल ऑफ क्लीनिकल इंडोक्राइनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म में प्रकाशित किया गया है।
इस शोध को करने वाले पीजीआई इंडोक्राइनोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. संजय भडाडा ने बताया कि यह बात पहली बार सामने आई है कि मधुमेह हड्डियों के लिए भी घातक है। अब तक किडनी, आंख और अन्य अंगों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है लेकिन इस शोध में शामिल मधुमेह ग्रस्त मरीजों की हड्डियों की स्थिति सामान्य से कई गुना ज्यादा खराब मिली है। इस शोध में आईआईटी रोपड़ के डॉ. नवीन कुमार ने भी सहयोग किया है।
ऐसे किया गया शोध
मधुमेह का हड्डियों पर परिणाम जानने के लिए पीजीआई की ओपीडी में आने वाले ऐसे मरीजों को चिह्नित किया गया तो इस मर्ज के साथ ऑस्टियोपोरोसिस ग्रस्त व फ्रैक्चर के शिकार थे। इसके लिए 50 से 70 वर्ष के बीच के 70 मरीजों को चुना गया। इसमें एक तिहाई महिलाएं शामिल थीं। वहीं एक ग्रुप ऐसे 40 लोगों का लिया गया जिन्हें मधुमेह नहीं था लेकिन वे फ्रैक्चर के शिकार थे। दोनों वर्गों में एक तिहाई महिलाएं शामिल थीं। परिणाम जानने के लिए दोनों वर्गों के मरीजों के हड्डी का नमूना लिया गया जिसकी जांच करने के लिए आईआईटी रोपड़ को दिया गया। इसमें पाया गया कि जिन्हें मधुमेह था उनकी हड्डी बेहद कमजोर पाई गई जबकि सामान्य वर्ग के फ्रैक्चर वाले लोगों की हड्डी मजबूत थी।
क्या है ऑस्टियोपोरोसिस, आप भी जान लें
ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी बीमारी है जिसमें हड्डियां अंदर से खोखली हो जाती हैं। उनके टूटने और फ्रैक्चर होने का खतरा बढ़ जाता है। यह बीमारी अक्सर 50 की आयु के बाद होती है जिसमे मनुष्य के शरीर का मांस लगातार घटने लगता है। डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार भारत में तीन में से एक महिला और पुरुषों में आठ में से एक पुरुष को ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी अवश्य होती है। जो यह दर्शाता है कि महिलाओं में यह बीमारी पुरुषों की तुलना में अधिक होती है।
ये खतरे की जद में
50-60 वर्ष की आयु के बाद
महिलाओं में मेनोपॉज या रजोनिवृत्ति के बाद
जिनके परिवार में किसी को ऑस्टियोपोरोसिस रोग है तो
जो भोजन में कैल्शियम नहीं लेते हैं
सिगरेट और शराब का सेवन करने वाले
भरपूर मात्रा में पोषण न लेने पर
स्टेराइड व हार्मोन की दवाइयां लेने पर
क्रियाशील न होने पर
ये लक्षण हैं मुख्य
पीठ में दर्द, समय के साथ कद का कम होना, आसानी से बोन फ्रेक्चर हो जाना, खड़े होने की मुद्रा में परिवर्तन, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द होना, बैठने और खड़े होने में परेशानी होना।