चंडीगढ़। नशा देने से इंकार करने पर धनास में नाई ने एक युवक पर कैंची कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह वहां से बचकर घायल युवक ने पीसीआर को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल युवक को सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच पहुंचाया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल की पहचान गांव धनास के मकान नंबर-182 निवासी सोनू (35) के रूप में हुई है। वहीं, सारंगपुर थाना पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू ने बताया कि 8 जनवरी को सुबह लगभग 10 बजे वह किसी काम से धनास के बाजार में गया था। जब वह अपना काम करके वापस जाने लगा तो रास्ते में उसके जानने वाले एक नाई ने आवाज देकर बुला लिया। नाई ने सोनू से नशे की गोली मांगी, जिस पर सोनू ने कहा कि वह नशा नहीं करता, तो वह गोली कहां से दे। इसी बात को लेकर दोनों में बहस होने लगी और नाई गाली-गलौज करने लगा। इस बीच उसने अपनी दुकान में रखी कैंची उठाई और वार कर दिया।