आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर लिया सरकार ने फैसला
चंडीगढ़। हरियाणा के 1997 बैच के दो आईपीएस अधिकारियों को प्रदेश सरकार ने बड़ा झटका दिया है। शिकायत के आधार पर दोनों अधिकारियों की वेतन वृद्धि पर सरकार ने रोक लगा दी है। इस संबंध में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने पुलिस महानिदेशक को लेकर पत्र जारी किया है। बता दें कि दो दिन पहले ही एडीजीपी रैंक पर पदोन्नत पर हो चुके आईपीएस संजय कुमार और अमिताभ ढिल्लों को लेवल 15 का पे स्केल दिए जाने का ऑर्डर जारी हुए थे। आदेश में लिखा कि दोनों अधिकारियों को एक जुलाई से बढ़ी सैलरी का लाभ मिलना था। राज्य सरकार ने तीन महीने पहले चार आईपीएस अधिकारियों के पदोन्नत आदेश जारी किए थे। इनमें 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी एडीजीपी आलोक कुमार राय और एसके जैन को डीजीपी रैंक पर पदोन्नत किया था। 1997 बैच के आईपीएस अमिताभ ढिल्लों और संजय कुमार को एडीजीपी बनाया था। हरियाणा कैडर के 1996 बैच के चार आईपीएस अफसरों ने सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताई थी। इसको लेकर उनकी ओर से गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र भी लिखा था। उन्होंने अपना पे स्केल एडीजीपी रैंक में तय करने की मांग की थी। साथ ही लिखा था कि उनसे जूनियर 1997 बैच के अफसरों का वेतनमान एडीजीपी रैंक का कर दिया गया है, यह फैसला उचित नहीं है। बता दें कि मई 2022 में 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी ममता सिंह, हनीफ कुरैशी, एम रवि किरण और केके राव एडीजीपी रैंक पर पदोन्नत किए जा चुके हैं।