चंडीगढ़। कई लोग अपनी गाड़ियों के नेम प्लेट पर जाट, यादव, गुर्जर, क्षत्रिय, राजपूत, पंडित, मौर्य आदि लिखवा लेते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया है। शहर के वकील अजय जग्गा ने पीएमओ को पत्र लिखकर चंडीगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
पत्र में जग्गा ने लिखा है कि वाहनों पर कहीं भी पेंट या स्टिकर के जरिए जाति के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में पूरे देश एक नीति होनी चाहिए। यूपी में प्रतिबंध है। ऐसे में ये प्रतिबंध पूरे देश में लागू होने चाहिए। उन्होंने लिखा है कि अगर कोई चीज गलत है तो वह एक राज्य में नहीं बल्कि पूरे देश में गलत होगी।
दरअसल, महाराष्ट्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने पीएमओ को पत्र भेजा था। इस खत में उन्होंने यूपी की सड़कों पर दौड़ने वाले ‘जातिवादी वाहनों’ से समाज को होने वाले खतरे के बारे में बताया था। कहा था कि सभ्य समाज के लिये ऐसी परंपरा ठीक नहीं है। इसके बाद पीएमओ ने यूपी सरकार को ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद योगी सरकार ने आदेश प्रदेश के सभी जनपदों के परिवहन अधिकारियों को जारी कर दिए और इन जातिवादी स्टीकरों पर प्रतिबंध लगा दिया। यूपी में जो भी वाहन चालक जातिवादी स्टीकर लगाकर घूमता है तो उसका चालान किया जा रहा है।