चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार को बालकनी की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। घटना के समय वहां कोई छात्रा मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार हॉस्टल की इमारत काफी समय से जर्जर हालत में बताई जा रही थी और छात्राओं की ओर से इसकी मरम्मत व रिनोवेशन की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मंगलवार को बालकनी की छत का हिस्सा गिरने के बाद छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया। छात्राओं का कहना है कि समय रहते मरम्मत न होने के कारण ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई। छात्राओं ने प्रशासन से हॉस्टल भवन की जल्द जांच करवाकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।