बजरंग पूनिया का नाम पिछले साल भी खेल रत्न के लिए भेजा गया था, लेकिन उनकी जगह विराट कोहली को खेल रत्न दिया गया था। जिसपर बजरंग पूनिया ने अपना विरोध भी जताया था और खेल रत्न के लिए सबसे ज्यादा प्वाइंट होने के बावजूद अवार्ड नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया था।
नंबर वन शूटर अंकुर मित्तल का नाम भी खेल रत्न को भेजा
डबल ट्रैप राइफल में दुनिया के नंबर वन शूटर अंकुर मित्तल को जहां पिछले साल अर्जुन अवार्ड मिला था, वहीं इस बार उसका नाम शूटिंग एसोसिएशन की ओर से खेल रत्न के लिए भेजा गया है। अंकुर ने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश को गोल्ड मेडल दिलाया था तो उससे पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीता था।
इसके अलावा अंकुर के 2017 के प्रदर्शन को देखा जाए तो मास्को में हुए वर्ल्ड कप में उन्होंने रजत पदक जीता था। एक साल में चार वर्ल्ड कप होते हैं और अंकुर ने एक गोल्ड मेडल व दो सिल्वर जीते थे।
इनके अलावा भी कई मेडल अंकुर ने जीते थे। अंकुर के अलावा हिना सिद्धू का नाम भी खेल रत्न के लिए भेजा गया है, जबकि अंजुम मोदगिल, शहजाद रिजवी व ओमप्रकाश का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजा गया है।
भारतीय कुश्ती संघ की ओर से बजरंग व विनेश का नाम खेल रत्न के लिए भेजा गया है, जबकि चार पहलवानों के नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजे गए हैं। इन सभी के नाम पिछले चार साल की उपलब्धियों के आधार पर भेजे गए है और अब किसको सम्मान मिलना है, यह कमेटी तय करेगी। विनोद तोमर, सेक्रेटरी भारतीय कुश्ती संघ